बकेवर/इटावा। क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से हो रही रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन लगातार बारिश और बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश के कारण दिहाड़ी मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ी।

फल विक्रेता दीपू कुशवाहा ने बताया कि सुबह से बारिश होने के कारण वह फल की रेहड़ी नहीं लगा सके। वहीं इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार शीलू शर्मा ने बताया कि वह सुबह से दुकान पर बैठे रहे, लेकिन बारिश के चलते ग्राहक नहीं पहुंचे। दोपहर बाद बारिश तेज होने से बाजार में सन्नाटा और बढ़ गया। जरूरी काम से निकले कुछ लोग छाता लेकर खरीदारी करने के लिए सड़क पर नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश से दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ है। रोज कमाकर परिवार चलाने वाले लोगों की आमदनी पर इसका सीधा असर पड़ा। बिजली कटौती ने भी परेशानी बढ़ा दी।पशुपालक गंगाराम ने बताया कि बारिश के कारण सुबह पशुओं को बाहर नहीं निकाला जा सका। दिनभर पशु बाड़े में ही बंधे रहे। इससे पशुपालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
