लवेदी/इटावा। लवेदी थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में बुधवार को बीहड़ में मिट्टी खोदते समय अचानक टीला धंसने से दो युवक उसके नीचे दब गए। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामगढ़ गांव में ओमकार सिंह के घर रह रहे उनके भांजे कोमल सिंह पुत्र शिवसेवक बुधवार को अपने फुफेरे भाई शिवम पुत्र ओमकार के साथ घर के काम के लिए बीहड़ में मिट्टी लेने गया था। दोनों मिट्टी खोद रहे थे, तभी अचानक टीला धंस गया और दोनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।

गंभीर रूप से घायल शिवम को मिनी पीजीआई सैफई ले जाया गया। उसके पैर, सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें बताई गई हैं। वहीं, कोमल सिंह को बकेवर स्थित 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया।
