बकेवर/इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम नारायण पेट्रोल पंप के पीछे मुगल रोड किनारे झाड़ियों में केसिया के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के फंदे पर 28 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थाना प्रभारी विपिन कुमार और महेवा चौकी प्रभारी रजनीश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मृतक की पहचान उसकी पत्नी काजल ने गौरव नागर पुत्र धीरज नागर निवासी मलाजनी, थाना जसवंतनगर के रूप में की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दी।
काजल ने बताया कि पति गौरव उसे अपने साथ नोएडा ले गया था, जहां वह एक कंपनी में लोडिंग का काम करता था। काजल का आरोप है कि पति उसे खर्च के लिए रुपये नहीं देता था और कंपनी में काम करने से भी रोकता था। उसने पति पर मारपीट और परेशान करने का भी आरोप लगाया है।

भीङ देखती हुई
काजल के अनुसार, विवाद के बाद वह करीब 15 से 20 दिन पहले अकेले नोएडा से अपने मायके टिलीटीला, बकेवर लौट आई थी। वह दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। बुधवार शाम गांव के पास मुगल रोड किनारे युवक का शव पेड़ पर लटका होने की जानकारी मिली। ग्रामीणो के साथ वह भी मौके पर पहुंचकर उसने शव की पहचान पति गौरव के रूप में की। पहचान करते ही वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गई।
मृतक के साले विकास पुत्र मुन्नीलाल निवासी टिलीटीला ने बताया कि वह ऑटो चलाता है। बुधवार दोपहर उसने गौरव को महेवा कस्बे में देखा था। उस समय वह ऑटो में सवारी भर रहा था, इसलिए गौरव के पास नहीं जा सका। विकास के मुताबिक, गौरव बाद में घर भी नहीं पहुंचा।

गौरव अपने पीछे पत्नी काजल, पांच वर्षीय बेटी सौम्या और तीन वर्षीय बेटे प्रिंस को छोड़ गया है। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। गौरव दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम शनि है। मां सुनीता और पिता धीरज नागर भी बेटे की मौत की खबर से बदहवास हैं।पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।और जांच पङताल शुरु कर दी है।

