• Thu. Oct 15th, 2026

GNEWS18

G-NEWS18

जनता कॉलेज में रावे के विद्यार्थियों को दिया कृषि प्रशिक्षण

किसानों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए किया प्रेरित

बकेवर/इटावा। जनता कॉलेज, बकेवर में बुधवार को ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (रावे) कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय कृषि प्रशिक्षण गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को किसानों की समस्याओं के समाधान, वैज्ञानिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. नलिनी शुक्ला ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से गांवों में जाकर किसानों की समस्याओं को समझने और उन्हें नवीन कृषि तकनीकों व सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि अपर जिला कृषि अधिकारी शिवम कुमार ने जनपद में प्रमुख फसलों, कृषि उत्पादन और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि यंत्रीकरण, उन्नत बीजों के उपयोग और कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी के प्रति किसानों को जागरूक करने पर जोर दिया।


महेवा के खंड कृषि अधिकारी हर्ष कुमार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा परीक्षण और अन्य कृषि योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिट्टी की जांच के आधार पर संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने से खेती की लागत कम करने और मृदा स्वास्थ्य सुधारने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. पीके राजपूत ने रावे कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गांवों में जाकर किसानों से संवाद करना, फसलों की स्थिति का अध्ययन करना और कृषि समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान में सहयोग करना है। प्रशिक्षण प्रभारी प्रो. एमपी सिंह ने बताया कि किसानों को रासायनिक पदार्थों का संतुलित उपयोग करने तथा गोबर की खाद, कंपोस्ट, वर्मी कंपोस्ट, जैव कीटनाशक, जैव फफूंदीनाशक और जैव उर्वरकों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।


कृषि संकाय के डीन प्रो. एके पांडेय ने उद्यानिकी से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज यादव ने किया। इस दौरान डॉ. देवेंद्र यादव, डॉ. अभिषेक प्रताप, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. संजीव कुमार, सत्यम गुप्ता सहित महाविद्यालय के 105 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *