पत्नी बेटी ने लगाए प्रताड़ित आत्महत्या करने और मारपीट कराने के आरोप, कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे परिजन
बकेवर/इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के परसोली ओड़मपुर गांव में बुधवार सुबह 46 वर्षीय विशेष सिंह यादव का शव घर के कमरे में छत में लगे हुक से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। मृतक की पत्नी और बेटी ने ग्राम प्रधान पर प्रताड़ित करने, मारपीट कराने और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने के आरोप लगाए। परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने से इन्कार कर दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव और उनके दो भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परसोली ओड़मपुर निवासी विशेष सिंह यादव पुत्र स्वर्गीय सुंदर सिंह यादव का शव बुधवार सुबह घर के कमरे में मिला। पत्नी गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान खेत में जबरन चकरोड डलवा रहे थे। विरोध करने पर उनके पति को थाने ले जाया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंगलवार को प्रधान ने कुछ युवकों से एक होटल में उनके पति की पिटाई करवाई थी।
मृतक की बेटी अंजली ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान उनके परिवार की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। उनके अनुसार, पिता को थाने में बैठाकर प्रधान के सामने कान पकड़वाकर माफी मंगवाई गई और अपमानित करने का आरोप लगाया गया है। बेटी ने मंगलवार को सीएनजी ईको कार लेने जाते समय भी कुछ युवकों से पिता के साथ मारपीट कराने और कार छीनने का आरोप लगाया।

अंजली के मुताबिक, रात करीब तीन बजे उनकी मां की आंख खुली थी, तब पिता सो रहे थे। सुबह कमरे और जीने का गेट खुला मिला।जब की अन्दर से बन्द थे। कमरे में जाकर देखा तो पिता कंबल से ढके हुए थे। कंबल हटाने पर उनका शव छत में लगे हुक से रस्सी के सहारे लटका मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
परिजनों के शव उठाने से इन्कार करने की सूचना पर थाना प्रभारी विपिन कुमार और सीओ भरथना रामदवन मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। मृतक के बेटे अंकित की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव और उनके भाई पुष्पेंद्र यादव व ज्ञानेंद्र यादव पुत्रगण ओमप्रकाश यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां
विशेष सिंह यादव के परिवार में पत्नी गुड्डी देवी, बेटे अंकित 22 बर्ष और ऋषभ 20बर्ष के अलावा दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी पूनम 25 बर्ष की शादी हो चुकी है, जबकि अंजली 19 बर्ष छोटी बेटी है। मृतक के माता पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपने माता पिता के इकलौते बेटे थे।

प्रधान ने आरोपों को बताया निराधार
ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि चकरोड की पैमाइश कराने के बाद काफी पहले निर्माण कराया गया था। उन्होंने राजनीतिक कारणों से फंसाने का आरोप लगाया और फाइनेंसरों ने ईको कार किस्त जमा नही होने पर छुङा गयी। फाइनेंसरों से उनकी हाथापाई भी हुई थी। ग्राम प्रधान बोले कि मेरा 2021 से विवाद चल रहा है जिन पर मुकदमा भी कायम है इसी रंजिश को लेकर उन्हे फसाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।

