• Thu. Oct 15th, 2026

GNEWS18

G-NEWS18

लखनऊ में बैंक अफसर ने पत्नी, बहन की हत्या कर खुद को मारी गोली

लखनऊ। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बैंक अधिकारी ने कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से हथियार और गोली के खोखे बरामद किए हैं। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, एसबीआई की इंजीनियरिंग कॉलेज शाखा में फील्ड ऑफिसर के पद पर तैनात मानस बाजपेयी (35) गुरुवार दोपहर करीब 12:05 बजे कार से गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक पहुंचा। उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा (33) बैंक में असिस्टेंट मैनेजर और रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। मानस ने फोन कर दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया। कुछ देर बातचीत के बाद उसने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

घर पहुंचकर बहन को मारी गोली

पत्नी की हत्या के बाद मानस करीब 12:30 बजे हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान पर पहुंचा। पड़ोसियों के मुताबिक वह पसीने से बुरी तरह भीगा हुआ था। घर में दाखिल होने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चला दी।

इसके बाद उसने अपनी बहन शीबा बाजपेयी (28) को गोली मार दी। शीबा मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। पुलिस के अनुसार, परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि शीबा पिछले करीब तीन साल से अवसाद और बीमारी से परेशान थीं।

बहन की हत्या के बाद मानस ने खुद की कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर खोला गया। अंदर भाई-बहन खून से लथपथ मृत मिले। कमरे में टीवी पर हनुमान चालीसा चल रही थी।

पत्नी से चल रहा था तलाक का विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि दिव्या और मानस की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। करीब एक साल पहले दिव्या ने मानस से तलाक के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की थी। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी थीं।

दिव्या पहले आलमबाग के श्रंगार नगर स्थित मायके में रहती थीं। कुछ समय पहले उन्होंने पारा के बुद्धेश्वर में मकान बनवाया था और वहां माता-पिता के साथ रह रही थीं। उनके पिता सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मां गृहिणी हैं।

वहीं मानस अपनी बहन के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था। मानस के पिता आरके मिश्रा भी बैंककर्मी थे, जिनकी करीब छह साल पहले मौत हो गई थी। उसकी मां का भी निधन हो चुका है।

हत्या के बाद लगाया व्हाट्सएप स्टेटस

पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या करने के बाद मानस ने व्हाट्सएप पर एक स्टेटस लगाया। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और आगे खुद को व अपनी बहन को मारने की बात लिखी। स्टेटस में उसने दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव का भी नाम लिया।

हालांकि दिव्या के ममेरे भाई मयंक दीक्षित ने इन आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि प्रज्ञा और भरत को दोनों के विवाद के बारे में कोई ऐसी जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक मानस मानसिक रूप से परेशान रहने वाला व्यक्ति था और दिव्या से उसका करीब एक साल से वैवाहिक विवाद चल रहा था।

बहन प्रज्ञा ने सोशल मीडिया पर जताया आक्रोश

दिव्या की बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्या पति की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर अलग रह रही थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि मानस घटना से पहले बैंक के आसपास रेकी कर रहा था और उसके पास दो रिवॉल्वर थे।

प्रज्ञा ने पोस्ट में बहन को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि दिव्या अब उनके बीच नहीं हैं। हालांकि, प्रज्ञा की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस ने स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

बैंक के बाहर पहले से खड़ा था मानस

दिव्या के ममेरे भाई मयंक दीक्षित के अनुसार, दिव्या बैंक के काम से बाहर गई थीं और लौटकर कार से कार्यालय पहुंची थीं। मानस पहले से बैंक के बाहर मौजूद था। उसने इशारा कर दिव्या को बुलाया और बातचीत के बहाने उन्हें अपने पास बुलाया। इसके बाद उसने गोली मार दी।

घटना के बाद मानस मौके से निकल गया और कुछ ही देर में अपने घर पहुंच गया। पुलिस अब बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

Oplus_131072

पुलिस कमिश्नर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मानस ने पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचकर बहन की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शव बरामद किए।

डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात में दो पिस्टल और एक तमंचे के इस्तेमाल की बात सामने आई है। हालांकि, हथियारों के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

Oplus_131072

पड़ोसी ने बताया, कमरे में चल रही थी हनुमान चालीसा

पड़ोसी अंकुर प्रकाश ने बताया कि व्हाट्सएप स्टेटस की जानकारी मिलने के बाद वह मानस के घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। अंदर टीवी की आवाज आ रही थी। शक होने पर लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में भाई-बहन के शव पड़े थे और टीवी पर हनुमान चालीसा चल रही थी।पड़ोसी के मुताबिक दोनों भाई-बहन सामान्य व्यवहार करते थे। शीबा की तबीयत काफी समय से खराब थी।

तीन मौतों से इलाके में मचा हड़कंप

एक ही दिन में बैंक अधिकारी पत्नी, बहन और खुद मानस की मौत से लखनऊ में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप स्टेटस और दोनों परिवारों के बयानों को जांच का आधार बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरी साजिश स्पष्ट हो सकेगी।

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *