चकरनगर/इटावा। क्षेत्र से भाजपा के दर्जनभर स्थानीय नेताओं ने लखनऊ में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के वीर योद्धा राजा निरंजन सिंह जूदेव तथा भरेह के राजा रूप सिंह की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की।
भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश सिंह राजावत ने मंगलवार शाम बताया कि वे अपनी टीम के साथ लखनऊ पहुंचे और पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर चकरनगर व भरेह क्षेत्र के ऐतिहासिक राजाओं की मूर्तियां प्रमुख स्थानों पर लगवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर से भी भेंट कर चकरनगर ब्लॉक में लंबे समय से बंद पड़ी साधन सहकारी समितियों कुन्दोल, गौहानी, सहसों, सिन्डोस आदि को पुनः सक्रिय करने तथा वहां गोदाम निर्माण कराने की मांग रखी।इस दौरान मुकेश राजावत, सचिंद चौहान, अमन दीक्षित, दीपक प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
