लखना/इटावा। नगर पंचायत लखना के मोहल्ला मान खां में नाली निर्माण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पिछले दो दिनों से निर्माण कार्य रुका हुआ है। शनिवार दोपहर को की गई पड़ताल में स्थानीय लोगों ने वायरल वीडियो में किए गए दावों को निराधार बताते हुए कहा कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप कराया जा रहा था तथा बारिश के कारण ताजा निर्माण की ऊपरी सतह प्रभावित होने से मोरम दिखाई देने लगी थी।

मोहल्ले के आशीष कुमार, दीपू वर्मा, राधारमण दुबे, प्रेम कुमारी व कमलेश बाबू सहित अन्य लोगों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा नाली का निर्माण सही ढंग से कराया जा रहा था। उनका कहना है कि बारिश के चलते सीमेंट की ऊपरी परत बह गई, जिससे मोरम दिखाई देने लगी। इसी स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।
वायरल वीडियो को लेकर सभासद विशाल सोनी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका।
नगर पंचायत अध्यक्ष गणेश शंकर पोरवाल ने बताया कि दुर्गेश सोनी के मकान से रामजानकी के घर तक आरसीसी सड़क एवं दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। 30 जुलाई को दिनभर निर्माण कार्य हुआ था, लेकिन शाम को हुई बारिश से ताजा निर्माण की ऊपरी सतह प्रभावित हो गई, जिससे मोरम दिखाई देने लगी। उसी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। अभी निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। यदि निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो आवश्यक सुधार कराया जाएगा और संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

