बढ़पुरा/इटावा। इटावा के बढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित यमुना पुल पर एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास की एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई और डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी व दुकान मालिक राम नरेश ने बताया कि डंपर तेज गति से आ रहा था और अचानक चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे वाहन सीधे खंभे से जा भिड़ा। हादसे के बाद चालक डंपर के केबिन में ही फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। चालक ने बताया कि वाहन चलाते समय उसे नींद आ गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
इस दुर्घटना में दुकान मालिक राम नरेश को करीब हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, खंभा क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में कुछ घंटों तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया है।
