इटावा। कोतवाली थाना क्षेत्र के विकास कॉलोनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीसरी मंजिल पर शटरिंग का काम कर रहा एक मजदूर ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और ऊंचाई से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एम्बुलेंस से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया।
शटरिंग मालिक सुधीर तिवारी उर्फ पप्पू ने बताया कि मजदूर उनके घर के सामने शटरिंग खोलने का काम कर रहा था, तभी अचानक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
डॉक्टर सौरभ गुप्ता के अनुसार, घायल युवक की पहचान आशुतोष पुत्र गुलाब सिंह, निवासी जोधपुर चौराहा, थाना इकदिल के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां से हालत नाजुक होने पर सैफई पीजीआई भेजा गया है।
