तीन साल का रिश्ता, विरोध के बीच साथ जीने-मरने की खाई कसम
बकेवर/इटावा। मोबाइल की स्क्रीन पर शुरू हुई एक साधारण बातचीत कब गहरे प्रेम में बदल गई, यह किसी को पता ही नहीं चला। बकेवर थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने दिल की आवाज सुनते हुए परिजनों की मर्जी के खिलाफ प्रेमी के घर पहुंचकर उससे विवाह कर लिया।
जानकारी के अनुसार, राखी काल्पनिक नाम, उम्र करीब 20 वर्ष, बीएससी की छात्रा है। उसने गुलालपुर बकेवर निवासी अभिनय कुमार से करीब तीन वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से बात शुरु हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत ने अपनापन लिया और दोनों एक दूसरे के बेहद करीब आ गए। परिजनों को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया, लेकिन दोनों के बीच प्रेम और मजबूत होता गया।

समय बीतने के साथ परिवार ने युवती की शादी कहीं और तय करने की कोशिश की, लेकिन यह उसे मंजूर नहीं था। आखिरकार गुरुवार को युवती अपनों का घर छोड़कर सीधे अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। आंखों में आंसू और दिल में दृढ़ निश्चय लिए उसने साफ कह दिया कि अगर शादी नहीं हुई तो वह वापस घर नहीं जाएगी और उसी से विवाह करेगी जिससे वह प्रेम करती है।
बताया जाता है कि यह सुनकर प्रेमी अभिनय कुमार का दिल पसीज गया और उसने समाज की परवाह किए बिना युवती का हाथ थाम लिया। इसके बाद दोनों ने आमाहर स्थित बुद्ध विहार में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं भगवान बुद्ध के चित्र के समक्ष एक दूसरे को माला पहनाकर विवाह कर लिया।
भंते धम्म विजय ने पंचशील और त्रिशरण के साथ विवाह संपन्न कराया। पंचशील और त्रिशरण के साथ साथ दोनों ने एक दूसरे की आंखों में देखते हुए साथ जीने और साथ मरने की कसमें खाईं एक ऐसा वादा, जिसमें दुनिया की हर दीवार छोटी पड़ गयी।

इस प्रेम विवाह को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। युवती के परिजनों ने इस संबंध से खुद को अलग कर लिया है। उनका कहना है कि बेटी ने अपनी मर्जी से शादी की है, इसलिए अब उनका इस विवाह से कोई लेना-देना नहीं है। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को भी लिखित सूचना दी बताया जा रहा है।
वहीं भंते धम्म विजय ने बताया कि युवक-युवती दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह करने आए थे। युवक पक्ष के परिजन मौके पर मौजूद रहे, जबकि युवती पक्ष के लोग नहीं पहुंचे।
प्रेमी अभिनय कुमार ने बताया कि वह शुरुआत में मना करता रहा, लेकिन जब युवती उसके घर आ गई और वापस जाने से इनकार कर दिया तो उसने शादी का फैसला लिया। उन्होंने बताया कि दोनों पिछले तीन वर्षों से संबंध में थे।
वहीं युवती राखी ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और इसमें किसी प्रकार का दबाव नहीं है। उसने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुआ यह रिश्ता तीन साल में इतना मजबूत हो गया कि दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का निर्णय ले लिया है।

