सैफई,इटावा।विकास खण्ड सैफई की ग्राम पंचायत बरौली कला में गुरुवार को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ0प्र0 धर्मवीर प्रजापति द्वारा नरेन्द्र मोदी मिनी स्टेडियम, सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी एवं विकसित भारत जी रामजी अन्नपूर्णा भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गांवों में ऐसे विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनकी कल्पना पहले आमजन नहीं कर पाता था। गांवों में लाइब्रेरी, स्टेडियम, पंचायत भवन और अन्नपूर्णा भवन जैसे निर्माण कार्य सरकार की विकासपरक सोच का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता के टैक्स से प्राप्त धनराशि का दुरुपयोग रोककर उसे जनहित के कार्यों में लगाया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार निरंतर जनता के हित में कार्य कर रही है, इसी कारण देश की जनता सरकार पर विश्वास करती है। उन्होंने बताया कि पहले पंचायत की बैठकें खुले में फर्श बिछाकर होती थीं, लेकिन अब प्रत्येक गांव में पंचायत भवन बनाए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि चाहे खर्चों में कुछ कटौती करनी पड़े, लेकिन बच्चों की शिक्षा पर कोई समझौता न करें, ताकि वे पढ़ लिखकर रोजगार प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को नौकरी मिलना संभव नहीं होता, ऐसे में जिला उद्योग केंद्र, कौशल विकास केंद्र एवं ग्रामोद्योग केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षण लेकर युवा स्वयं का रोजगार शुरू कर सकते हैं और दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं। मंत्री जी ने बताया कि सरकार द्वारा बेटियों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे उनकी शिक्षा और विवाह की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है। उन्होंने कहा कि घर-घर शौचालय निर्माण से बेटियों को सुरक्षा व सम्मान मिला है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से गरीब परिवारों को इलाज की चिंता से मुक्ति मिली है। बरसात के मौसम में महिलाओं की कठिनाइयों को देखते हुए सरकार द्वारा मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। मंत्री ने बताया कि एसआईआर के माध्यम से फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं तथा योग्य युवाओं के वोट बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की।इसके पश्चात मंत्री द्वारा भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा प्राप्त धनराशि का सदुपयोग कर ग्राम पंचायतों में व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं और आगे भी कराए जाएंगे। उन्होंने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजा जाए। साथ ही गांव में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कौशल विकास योजनाओं से जुड़कर अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण लेने की अपील की! कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित!
