इटावा। शहर के ईदगाह क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से एक मकान में अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में घर में मौजूद बुजुर्ग मुत्री लाल और उनके दो पोते गगन व हर्ष गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों व आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए तीनों को किसी तरह बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हालांकि, तब तक घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये।
बुजुर्ग मुत्री लाल ने बताया कि उनके दोनों पोते घर में खेल रहे थे। इसी दौरान एक पोते ने पूजा के समय दीपक जलाया, जिससे कपड़ों में आग लग गई। आग फैलती देख उन्होंने पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझ सकी। दोनों नाती आग की चपेट में आ गए। छोटे नाती को बचाने के प्रयास में वे स्वयं भी झुलस गए, जबकि एक नाती किसी तरह खुद बाहर निकल आया। करीब दो घंटे तक आग जलती रही।
डॉक्टरों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पूजा के दौरान जलाया गया दीपक बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
