महेवा, इटावा।विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत नगला शुक्ल में राशन डीलर के चयन को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा जारी एजेंडा के आधार पर खंड विकास अधिकारी महेवा ने चुनाव संपन्न कराने हेतु चयन समिति का गठन कर दिया है।गौरतलब है कि ग्राम पंचायत नगला शुक्ल में पूर्व में निलंबित हुए कोटेदार के स्थान पर नए राशन डीलर का चयन किया जाना है। इसके लिए आगामी 07 फरवरी को सुबह 11 बजे ग्राम सभा की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान चंद्रकांती तिवारी करेंगी, जबकि संचालन ग्राम पंचायत सचिव सुबी दुबे द्वारा किया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी बृज बिहारी त्रिपाठी द्वारा गठित समिति में सहायक विकास अधिकारी पंचायत इंद्रपाल सिंह भदौरिया एवं सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास प्रवीण शाक्य को पर्यवेक्षक नामित किया गया है। वहीं सहायक के रूप में आदित्य देव सिंह चौहान, गौरव यादव, रवि कुमार शंखवार, इंद्रप्रताप सिंह एवं अनुष्का दुबे सभी ग्राम सचिव को चयन समिति का सदस्य बनाया गया है।
यह बैठक ग्राम पंचायत भवन बल्लमपुर नगला शुक्ल में आयोजित होगी। ग्राम पंचायत सचिव ने ग्रामवासियों से अपील की है कि वे आधार कार्ड साथ लेकर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लें, ताकि चयन कार्य पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
