इटावा। डीएम चौराहा स्थित अटल पथ और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा का बुधवार शाम लोकार्पण किया गया। जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रतिमा का अनावरण कर कहा कि अटल जी का नाम ही नहीं, उनके विचार भी अटल थे। वह सरल स्वभाव के महान व्यक्तित्व थे और देश की अमूल्य धरोहर हैं।

उन्होंने कहा कि यह मार्ग सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि सुशासन और सम्मान के रास्ते की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।

मीडिया से बातचीत में स्वतंत्र देव सिंह ने सीरप कांड को लेकर साफ कहा कि किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। आरोपी चाहे किसी भी दल से हो, योगी सरकार में किसी को संरक्षण नहीं मिलेगा। निष्पक्ष जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय है।सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बुलडोजर संबंधी सवाल पर मंत्री बिना जवाब दिए आगे बढ़ गये।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सदर विधायक सरिता भदौरिया, पूर्व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
