इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। ग्राम पिलखर के सामने एक डंपर को ओवरटेक करने के दौरान क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार अवरोधक पत्थरों पर चढ़ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार बसरेहर निवासी शिवम पुत्र सियाराम अपनी बहनों शालिनी व धूपमाला, मैनपुरी निवासी बहनोई सुमित और एक ड्राइवर के साथ औरैया से इटावा लौट रहे थे। इसी दौरान पिलखर क्षेत्र में आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक करते समय कार का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और तेज आवाज के साथ वाहन डिवाइडर पर चढ़ते हुए रुक गया।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। बड़ी दुर्घटना टलने से लोगों ने राहत की सांस ली। कार को क्रेन की मदद से हटाया गया।
