रिपोर्ट -सुशील कान्त चौधरी /प्रेम कुमार शाक्य
जसवंतनगर/इटावा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में गुरुवार को कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न प्रोफेशनल क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। मेले में छात्राओं द्वारा बनाए गए करियर पोस्टर, मॉडल और शैक्षणिक उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना के बाद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की।मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पांजना पुरवार ने मेडिकल, नर्सिंग, फार्मा और साइंस क्षेत्रों में उपलब्ध करियर अवसरों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और सतत अभ्यास की सलाह दी।विशिष्ट अतिथि संजय कुमार, प्रधानाचार्य हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज, ने बीएड, बीटीसी, टीईटी, सीटीईटी जैसी शिक्षक भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी।बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने सही करियर चयन, रुचि पहचान, डिजिटल सुरक्षा, आत्मविश्वास वृद्धि और आर्थिक सशक्तिकरण पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएँ मीडिया, कानून, सामाजिक कार्य, शिक्षा व प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दे सकती हैं।

कार्यक्रम में पीएलवी लालमन बाथम ने विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।प्रधानाचार्य प्रज्ञा की अध्यक्षता में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।अतिथियों यशवंत चतुर्वेदी, आलोक कुमार, एम.एस. वर्मा, मनोज कुमार का बैज लगाकर स्वागत किया गया।कार्यक्रम सफल बनाने में प्रवक्ता निधि सिंह, सहायक अध्यापक प्रतिभा सिंह, अनिता गौतम, प्रीति सिंह, संध्या बावरिया, गायत्री, समीना, प्रवीण, सुरभि, स्नेहलता, शशि प्रभा गुप्ता, तथा नितिन कुमार, सचिन जैन, योगेश कुमार तोमर, अंशु आदि का विशेष योगदान रहा।बड़ी संख्या में छात्राएं व अभिभावक उपस्थित रहे।
