इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के सिंगौली गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब खेत की मामूली मेढ़ कट जाने को लेकर ग्राम प्रधान के बेटे पर गाली गलौजकर ईट से जानलेवा हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, खेत जोतवाने के दौरान ट्रैक्टर के हल से हल्की सी मेढ़ कट गई थी, जिस बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि नामजद तीन लोगों ने मिलकर प्रधान के पुत्र को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया।
ग्राम प्रधान कमला देवी के पुत्र शिववीर सिंह पाल ने बताया कि खेत जुतवाते समय ट्रैक्टर के हल से मेढ़ कट जाने को लेकर विवाद हुआ। जब पीङित राशन गोदाम के पास मौजूद था तभी आरोपित देवेंद्र यादव पुत्र रामदत्त, प्रिंस और नितिन यादव पुत्र देवेंद्र यादव निवासी विद्या विहार कॉलोनी बकेवर ने उसे पकड़कर जान से मारने की नीयत से गाली गलौजकर ईट से हमला कर दिया।
हमले में शिववीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए भेजा।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

