इटावा के भरथना कोतवाली परिसर में रक्तदाता समूह इटावा के तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह ने फीता काटकर किया। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई की ब्लड बैंक टीम की मौजूदगी में कुल 11 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान करने वालों में भरथना कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह, बृजनंदन सिंह, हेड कांस्टेबल इन्द्रीश, कांस्टेबल जीत सिंह, सोनवीर चौधरी, अजय नौहवार, अमित कुमार सिंह, विशाल चौधरी, श्याम चौधरी और सामाजिक कार्यकर्ता अंकुश शाक्य शामिल रहे।

भरथना विधायक राघवेन्द्र गौतम ने समूह के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ी मानव सेवा है, जो किसी की जिंदगी बचा सकती है।”इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह को समूह की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रक्तदाता समूह के शरद तिवारी, सौरभ परिहार, शिब्बू पोरवाल और लाली पोरवाल सहित ब्लड बैंक टीम के डॉक्टर ज्योति कला भारती, डॉ. राम प्रकाश तिवारी और सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर कार्यक्रम दोपहर करीब 4 बजे तक आयोजित हुआ।
