मुकेश कुमार बने ब्लॉक अध्यक्ष, प्रेम किशोर पाठक को सौंपी गई मंत्री की जिम्मेदारी
(संवाददाता – सुशील कान्त चौधरी)
जसवंतनगर/इटावा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की ब्लॉक इकाई जसवंतनगर में संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु त्रिवर्षीय पुनर्गठन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक शिक्षक और संघ के सक्रिय पदाधिकारी मौजूद रहे।पुनर्गठन प्रक्रिया में मुकेश कुमार को सर्वसम्मति से ब्लॉक अध्यक्ष, प्रेम किशोर पाठक को ब्लॉक मंत्री, मूलचंद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अंकित कुशवाहा को कोषाध्यक्ष, तथा संजीव कुमार गुप्ता और अनुज कुमार को संयुक्त मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। चयन संगठन के वरिष्ठ मार्गदर्शकों की सहमति और सदस्यों की सर्वसम्मति से किया गया।वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज की नींव हैं और संगठन का उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाना, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी शिक्षक हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमालाओं से स्वागत किया और संगठन की नीतियों पर अमल करने का संकल्प दोहराया।अंत में नवचयनित अध्यक्ष मुकेश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शिक्षकों की आवाज को शासन तक पहुंचाने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य करेंगे।-
फोटो: नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सम्मानित करते शिक्षकगण
