इटावा : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना इकदिल पुलिस द्वारा ग्राम वैशौली घाट में बाल सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, जागरूकता और अनुशासन के प्रति प्रेरित किया।
इस दौरान बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों की जानकारी तथा आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं जैसे 1090, 112, 181, 108 आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी संकट या परेशानी की स्थिति में ये नंबर तत्काल मददगार साबित होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में नियमित रूप से विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। पुलिस टीम ने कहा कि अनुशासन और शिक्षा ही जीवन में सफलता की पहली सीढ़ी हैं।ग्रामवासियों व विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस टीम के इस सार्थक प्रयास की सराहना की।
