इटावा। जनपद में निजी विद्यालयों और प्रकाशकों की मिलीभगत से किताब कॉपी की कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिव शक्ति अखाड़ा पंचायती अखाड़ा निरंजनी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष चन्द्रमोहन सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में शिक्षा सत्र के दौरान निजी विद्यालय और प्रकाशक मनमाने तरीके से किताबों और कॉपियों के दाम बढ़ाकर आम जनता का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। आरोप है कि निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलकर अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी की पुस्तकें जहां कम कीमत पर उपलब्ध हैं, वहीं निजी स्तर पर बेची जा रही किताबें काफी महंगी हैं, जिससे आम परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अखाड़ा पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस मामले की जांच कराकर दोषी विद्यालयों और प्रकाशकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनमानस को राहत मिल सके।ज्ञापन के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे ।
