• Wed. Jul 15th, 2026

तहसील परिसर में मोटरसाइकिल में घुसी जहरीली नागिन

ByG-News18

Jul 14, 2026

चकरनगर,/इटावा। तहसील परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब तहसील भवन के मुख्य गेट के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक जहरीली नागिन घुस गई। घटना के समय आसपास मौजूद कर्मचारी और फरियादी घबरा गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नागिन पहले मोटरसाइकिल से निकलकर पास में खड़ी एसडीएम की सरकारी गाड़ी की ओर बढ़ने लगी। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे गाड़ी तक पहुंचने से रोकने का प्रयास किया। खतरा भांपकर नागिन दोबारा मोटरसाइकिल में घुस गई, जिससे वाहन मालिक और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर तहसील परिसर में तैनात पुलिस कांस्टेबल अभिलाख सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक सावधानीपूर्वक प्रयास करते हुए बिना किसी को नुकसान पहुंचाए नागिन को मोटरसाइकिल से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से एक प्लास्टिक की बोतल में बंद कर लिया गया।

नागिन के पकड़े जाने के बाद कर्मचारियों और फरियादियों ने राहत की सांस ली। बाद में कांस्टेबल अभिलाख सिंह नागिन को तहसील परिसर से दूर जंगल क्षेत्र में ले गए, जहां उसे सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नागिन को देखने के लिए मौके पर जुटे रहे।

रेंजर कोटेश त्यागी ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में स्वयं सांप पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!