रिपोर्ट -सुशील कान्त
जसवंतनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को मॉडर्न तहसील के पास ट्रक और ट्रैक्टर की जबरदस्त टक्कर से हड़कंप मच गया। हादसे में ट्रक का डीजल टैंक फट गया, जिससे सड़क पर भारी मात्रा में डीजल फैल गया। फिसलन भरी सड़क पर एक के बाद एक करीब एक दर्जन बाइक सवार गिर पड़े और उन्हें हल्की चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, चौबिया से धान-चावल मिल में धान खाली कर लौट रहा ट्रैक्टर गलत दिशा से हाईवे पर चढ़ आया। उसी दौरान दिल्ली से छतरपुर की ओर जा रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तीव्र थी कि ट्रक का डीजल टैंक फटकर डीजल सड़क पर बहने लगा और चिकनाहट बढ़ गई।

हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने एनएचएआई अधिकारियों को जानकारी दी। एनएचएआई मैनेजर सुनीत कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर पड़े डीजल पर मिट्टी डलवाकर और उसे रगड़वाकर फिसलन को कम कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क को सुरक्षित घोषित कर यातायात बहाल किया गया।

इस दौरान हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक तथा ट्रैक्टर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
