• Thu. Oct 15th, 2026

GNEWS18

G-NEWS18

ईमानदारी की मिसाल: बलरई पुलिस ने सड़क पर मिला पांच लाख का पर्स महिला को लौटाया

रिपोर्ट -सुशील कान्त

जसवंतनगर:-बलरई पुलिस ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए मानवता को शर्मसार होने से बचा लिया। शनिवार की शाम गश्त के दौरान सड़क किनारे मिला एक कीमती लेडीज पर्स पुलिस ने उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक रवि कुमार व अजय कुमार फैंटम मोबाइल दल के साथ जसवंतनगर-बलरई मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान बलरई नहर पुल के पास सड़क किनारे एक लेडीज पर्स मिला। जांच करने पर उसमें सोने के जेवर, दो मोबाइल फोन, तीन हजार रुपये नकद तथा महत्वपूर्ण कागजात पाए गए।

दस्तावेजों में मिले मोबाइल नंबरों से संपर्क करने पर पता चला कि यह पर्स श्रीमती रामदेवी पत्नी श्रीकृष्ण राजपूत, निवासी ग्राम समाराम का पुरवा, थाना दिबियापुर, जिला औरैया का है। रामदेवी अपनी रिश्तेदारी में ग्राम नगला विशुन, थाना बलरई जा रही थीं, तभी रास्ते में उनका पर्स गिर गया था।

सूचना मिलते ही रामदेवी मौके पर पहुंचीं, जहां पुलिस ने समस्त सामान की तस्दीक के बाद पर्स उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। पर्स में मिले सामान की अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

सीओ आयुषी सिंह ने कहा कि “नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा करना पुलिस का नैतिक दायित्व है।”
स्थानीय लोगों ने बलरई थाना प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सरोज तथा टीम के कांस्टेबलों की ईमानदारी और निष्ठा की जमकर प्रशंसा की।

By Admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *