रिपोर्ट -सुशील कान्त

जसवंतनगर /इटावा। थाना जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम धरवार में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने एक बार फिर क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्राम की पुलिस चौकी के बिल्कुल बगल में लगी प्रतिमा का कंधा तोड़े जाने की घटना बीती रात हुई, जिसके बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी इसी प्रतिमा को तोड़ा गया था, लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इसका नतीजा है कि आज फिर वही घटना दोहराई गई है।

घटना की जानकारी फैलते ही बाबा साहेब के अनुयायियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने कहा कि पुलिस चौकी के पास ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पहले आरोपी पकड़े जाते तो यह स्थिति पैदा न होती।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिमा तोड़ने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। साथ ही प्रतिमा की मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

