रिपोर्ट -सुशील कान्त
जसवंतनगर (इटावा)। दीपावली पर्व के मद्देनज़र क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह ने रविवार को नगर क्षेत्र में आतिशबाजी के बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की और विक्रेताओं को आग से बचाव के आवश्यक निर्देश दिए।

सीओ ने आतिशबाजी दुकानों पर अग्निशमन यंत्रों, बालू और पानी की उपलब्धता की जांच करते हुए दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी दुकानदारों के पास वैध लाइसेंस हो और किसी प्रकार की अवैध आतिशबाजी की बिक्री न की जा रही हो।
उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा बिना अनुमति के आतिशबाजी बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

सीओ आयुषी सिंह ने कहा कि, “दीपावली का त्यौहार खुशियों का पर्व है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव सभी की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी से बड़ा हादसा टाला जा सकता है।”
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी जसवंतनगर सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
