• Sun. Feb 22nd, 2026

गरीब बच्चों संग पुलिस ने मनाई दीपावली, बांटी खुशियां, मिटाया भय

रिपोर्ट -सुशील कान्त

जसवंतनगर। दीपावली के पावन अवसर पर जसवंतनगर स्थित पिंक बूथ पर एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी ने गरीब व वंचित बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस विशेष पहल में पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को मिठाइयां, पटाखे, फुलझड़ी, चॉकलेट आदि वितरित किए, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।

पुलिस का मानवीय चेहरा

अक्सर देखा जाता है कि छोटे बच्चों को डराने के लिए कहा जाता है – “चुप हो जाओ, वरना पुलिस पकड़ ले जाएगी।” ऐसे में बच्चों के मन में पुलिस के प्रति भय घर कर जाता है। लेकिन इस कार्यक्रम में नज़ारा बिल्कुल विपरीत था। बच्चे पुलिस से डर नहीं रहे थे, बल्कि उनसे मिठाइयां और पटाखे लेने के लिए उत्साह से घिरे हुए थे। बच्चों के मन में भय नहीं, बल्कि प्रेम और अपनापन महसूस हो रहा था।

एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वे दीपावली जैसे त्योहारों पर गरीब बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी जरूरतमंद बच्चे हों, वहां खुशी बांटकर त्योहार मनाएं। साथ ही उन्होंने पटाखे चलाते समय बच्चों की सुरक्षा हेतु घर के बड़े लोगों की मौजूदगी आवश्यक बताई।

कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी (CO) आयुषी सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार, ललित चतुर्वेदी, शुभम वर्मा, जितेंद्र चौधरी, तरुण कुमार, अवनीश कुमार, अजय कुमार सहित पुलिस के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में एसपी सिटी ने समस्त जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

By Admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!