इटावा के बकेवर कस्बा स्थित 50 शैय्या अस्पताल में डॉक्टर को गोली मारने की धमकी देने के मामले में GNEWS18 न्यूज की खबर का बड़ा असर हुआ है। खबर का संज्ञान लेते हुए कानपुर मंडल के अपर आयुक्त (एडी) जीपी मिश्रा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे बकेवर पहुंचे और अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडी मिश्रा ने दोनों पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और कहा कि जांच के बाद जो भी निष्कर्ष सामने आएगा, उसी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति फेज-5 के क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की। निरीक्षण में पाया गया कि अस्पताल में महिलाओं की डिलीवरी सेवाएं अभी तक शुरू नहीं हो पाई हैं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे शीघ्र सुचारु रूप से शुरू करने के निर्देश दिए।
अस्पताल में तैनात स्टाफ और डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर भी एडी मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सीएमएस से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, और लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
