• Wed. May 6th, 2026

हाइवे किनारे अवैध बालू धुलाई से हादसा — कीचड़ में फिसली छात्राओं की साइकिल, अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल

रिपोर्ट -सुशील कान्त

जसवंतनगर/इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी के पास शिवा होटल के सामने बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाइवे किनारे चल रही अवैध बालू धुलाई से जमा कीचड़ में फिसलकर स्कूली छात्राओं की साइकिल गिर गई, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों छात्राएं घायल हो गईं।

घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जसवंतनगर की छात्राएं — निशा कुमारी (कक्षा 12, निवासी ग्राम मल्हूपूरा, पुत्री किशन स्वरूप) और संगम (निवासी ग्राम केवाला, पुत्री मानसिंह) रोज की तरह स्कूल जा रही थीं। जैसे ही वे शिवा होटल के पास पहुंचीं, वहां बालू धुलाई से भरे पानी और कीचड़ में साइकिल फिसलने से गिर गईं। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

स्थानीय समाजसेवी कुलदीप शाक्य (निवासी नगला भीखन भतौरा) ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। परिजनों को सूचना मिलते ही वे भी अस्पताल पहुंच गए।

कुलदीप शाक्य ने बताया कि हाइवे किनारे बालू धुलाई का कार्य लंबे समय से चल रहा है, जिससे सैकड़ों लीटर पानी की बर्बादी के साथ सड़क पर कीचड़ फैल जाता है। इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से यह अवैध गतिविधि जारी है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र इस बालू धुलाई पर रोक नहीं लगाई गई, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

By Admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!