इटावा कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में दर्पण पोर्टल के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन, विद्युत विभाग, पर्यटन विभाग, ऑपरेशन कायाकल्प, गौ संरक्षण, मत्स्य विभाग, पोषण अभियान, निराश्रित महिला पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार, ओडीओपी और समाज कल्याण विभाग सहित अनेक योजनाओं की समीक्षा की गई।

डीएम ने सबसे पहले विद्युत विभाग को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बागवानी, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, भवन निर्माण, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम और सहकारी दुग्ध समिति की प्रगति पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी प्रोजेक्ट के तहत अधिक से अधिक कैंप लगाए जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा परिवारों की आईडी बनाई जा सके। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों की बाउंड्रीवाल शीघ्र पूरी कराए जाने और मध्यान्ह भोजन व विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीएम ने गौ संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में लाया जाए, उन्हें हरा चारा उपलब्ध कराया जाए और लापरवाह केयर टेकरों को हटाया जाए। उन्होंने पशुओं का नियमित टीकाकरण कराने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी शीघ्र टीकाकरण अभियान चलाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे झाड़ियां कटवाने, कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक कैंप लगाने, लंबित आवेदनों पर कार्यवाही करने तथा पर्यटन विभाग के सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने की जरूरत है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की ओडीओपी रैंकिंग 16 पर है, जिसे बेहतर करने के लिए चिन्हित लाभार्थियों को योजना का लाभ शीघ्र दिलाया जाए। समाज कल्याण अधिकारी को सामूहिक विवाह का लक्ष्य समय पर पूरा करने और सभी निर्माण कार्यों को सीएम आईएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अंत में कहा कि सभी अधिकारी मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कार्य करें, अपने-अपने इंडिकेटर सुधारें और जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने में योगदान दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
