इटावा: बकेवर थाना क्षेत्र के बकेवर स्थित सर्वेश ढाबा के सामने कानपुर–आगरा नेशनल हाईवे-19 पर शनिवार सुबह 8 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने साइकिल सवार मजदूर को रौंदते हुए करीब 40 मीटर तक घसीटा। टक्कर में मजदूर की साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रेलर हाईवे किनारे बनी लोहे की रेलिंग को भी तोड़ते हुए पत्थर मे फस गया। ट्रेलर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

बिजौली चौकी प्रभारी विनय द्विवेदी समेत पुलिस फोर्स के साथ पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मजदूर को आनन-फानन जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मुकेश (42) पुत्र शंभू दयाल निवासी ग्राम सराय मिठ्ठे, थाना बकेवर के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पीछे पत्नी कुंती देवी और दो छोटे बेटे आशीष (13) व अभिषेक (8) हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्चों व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रेलिंग में फंसे ट्रेलर को क्रेन मशीन की मदद से निकाल कर जब्त कर लिया गया है।

