• Sun. Feb 22nd, 2026

पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, गणेश चतुर्थी व बारहबफाद को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश

बकेवर (इटावा): आगामी त्योहार गणेश चतुर्थी एवं बारहबफाद के मद्देनज़र बकेवर थाना परिसर में बुधवार देरशाम 4 बजे उपजिलाधिकारी भरथना कव्या सी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों एवं गणेश चतुर्थी कार्यक्रम संचालकों सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

बैठक में एसडीएम कव्या सी ने सभी लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस दौरान अहेरीपुर के लोगों ने बारहबफाद के जुलूस के दौरान कुछ अराजक तत्वों द्वारा की गई अराजकता की शिकायत की, जिस पर थाना प्रभारी विपिन कुमार मालिक ने उन्हें आश्वासन दिया कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने यह भी निर्देशित किया कि मूर्तियों का विसर्जन नदियों या नहरों में न किया जाए, इसके लिए प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति यदि अव्यवस्था फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

तहसीलदार भरथना दिलीप कुमार ने भी स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन प्रशासनिक व्यवस्था के अंतर्गत ही किया जाएगा, और सभी कार्यक्रम आयोजकों को अपने कार्यक्रम की पूर्व अनुमति लेनी होगी ताकि उसका रिकॉर्ड प्रशासन के पास उपलब्ध रहे और समुचित सुरक्षा व व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्रीय लेखपाल, समेत नगर के व्यापारी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी से अपील की गई कि वे त्योहारों को सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!