बकेवर थाना क्षेत्र के लखना कस्बे में शनिवार दोपहर 1 बजे एक बड़ा हादसा टल गया जब गेहूं से भरी ओवरलोड डीसीएम धर्मकांटा से वजन कराने के बाद बैक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पास में खड़ी एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसीएम में करीब 25 टन गेहूं लोड था, जोकि निर्धारित क्षमता से अधिक बताया जा रहा है। धर्मकांटा पर वजन तौलने के बाद जैसे ही चालक ने वाहन को पीछे करना शुरू किया, डीसीएम असंतुलित होकर पलट गई। उसी समय पास में खड़ी कार वाहन के नीचे दब गई।कार मालिक राहुल गोयल पुत्र उमेश चंद्र निवासी लखना देहात ने बताया कि वे कार खड़ी करके वहां से हट ही रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि यदि कुछ ही क्षण और देर हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना दी गई है, और मामले की जांच की जा रही है।
