• Thu. Oct 15th, 2026

GNEWS18

G-NEWS18

Etawah News: बट वृक्ष सावित्री पूजा के दौरान मधुमक्खियां ने किया हमला, मची भगदड़ रिपोर्ट

:

इटावा शहर के राम मनोहर लोहिया पार्क (कंपनी गार्डन) में सोमवार को वट सावित्री अमावस्या के अवसर पर पूजा करने आई महिलाओं और उनके परिवारजनों पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। घटना के समय सैकड़ों की संख्या में महिलाएं बरगद के पेड़ के नीचे पूजा-पाठ में जुटी थीं।

पूजा के दौरान जली अगरबत्तियों के धुएं से भड़की मधुमक्खियों ने देखते ही देखते वहां मौजूद श्रद्धालुओं को अपना निशाना बना लिया। इस अप्रत्याशित हमले से अफरा-तफरी मच गई और पार्क में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

धुएं से भड़कीं मधुमक्खियां, पूजा में हुआ व्यवधान वरअमावस्या के दिन बड़ी संख्या में महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए वट वृक्ष की पूजा करती हैं। इसी क्रम में सोमवार दोपहर लगभग एक बजे भारी संख्या में महिलाएं व उनके परिजन कंपनी बाग स्थित वट वृक्ष के पास एकत्रित हुए थे। पूजा के दौरान जब अगरबत्तियों व धूप से धुआं उठा, तो पेड़ पर बने मधुमक्खियों के विशाल छत्ते में हलचल शुरू हो गई। कुछ ही पलों में हजारों मधुमक्खियां वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं।

मधुमखियों के हमले के बाद लोग जान बचाने के लिए कारों में छिपे, कैंटीन में लोग इधर-उधर भागे। बावजूद इसके करीब चार दर्जन से अधिक लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिए। लोगों के चेहरे, हाथ, सिर व पीठ पर सूजन आ गई और कई लोगों की हालत बिगड़ गई।

घटना में यशोदा नगर की नीलम पत्नी संतोष कुशवाहा, उनकी ननद रूबी पत्नी दिनेश बाबू, ड्रीम लैंड कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय सुशीला देवी पत्नी नरेंद्र सिंह, शांति कॉलोनी निवासी सिद्धांत पुत्र दिलीप कुमार और नमन पुत्र विनील भदौरिया को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अन्य कई घायलों ने घटनास्थल से भागकर जान बचाई।

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *