• Wed. Jun 3rd, 2026

डीएफसीसी रेलवे लाइन पर दर्दनाक हादसा, महिला की मौत,दो वर्षीय मासूम गंभीर घायल

भरथना/इटावा। भरथना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद करीब दो वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है, जबकि घायल बच्चे का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब डेढ़ बजे भरथना रेलवे स्टेशन के समीप ग्राम घमुरियां के पास भरथना पाली खुर्द रोड स्थित डीएफसी रेलवे अंडरब्रिज के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात महिला अपने छोटे बच्चे के साथ डीएफसीसी रेलवे लाइन के पास मौजूद थी, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।महिला के साथ मौजूद लगभग दो वर्षीय बच्चा भी हादसे का शिकार हो गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार अभी तक महिला और बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटाकर शिनाख्त के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी अन्य कारण से महिला ट्रेन की चपेट में आई।भरथना थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति महिला या बच्चे की पहचान के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क कर सहयोग प्रदान करे। घटना की जांच जारी है।

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!