इटावा। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहादत दिवस के अवसर पर कांग्रेसजनों द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर राष्ट्रपिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर नुमाइश परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण किया गया तथा गांधी अमर रहें के जयघोष लगाए गए।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने कहा कि महात्मा गांधी जैसे व्यक्तित्व सदियों में जन्म लेते हैं। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर आज़ादी की लड़ाई लड़ना आसान नहीं था, लेकिन प्रिय बापू के नेतृत्व में देश ने गुलामी की जंजीरें तोड़ीं। उन्होंने कहा कि आज गांधी के देश में उनके हत्यारे का महिमामंडन होना राष्ट्रपिता का अपमान है।
शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद ने कहा कि महात्मा गांधी एक ऐसी शख्सियत हैं, जिन्हें पूरी दुनिया सम्मान और श्रद्धा से याद करती है। आज भारत की पहचान गांधी के नाम से होती है। गांधी के सपनों का भारत बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर उनके विचारों को अपनाना होगा।
श्रद्धांजलि सभा में पीसीसी सदस्य कोमल सिंह कुशवाहा, मैनपुरी कोऑर्डिनेटर करण सिंह राजपूत, प्रवक्ता प्रेरणा ज़ुबैरी, ज़िला महासचिव सतीश शाक्य, एनएसयूआई अध्यक्ष आसिफ जादरान, प्रदीप द्विवेदी, सोहेल वारसी सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित!
