इटावा के चकरनगर थाना क्षेत्र के कुंदौल गांव में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से छह वर्षीय मासूम अयांश उर्फ वेद चौहान की मौत हो गई, जबकि उसके पिता सुनील चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। मासूम की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है।

यह हृदयविदारक घटना 23 दिसंबर, मंगलवार को करीब 11:30 बजे हुई, जब सुनील चौहान अपने बेटे अयांश को लेकर बाइक से सेंट जेवियर स्कूल में पेरेंट मीटिंग के लिए जा रहे थे। गांव के सरकारी गल्ला गोदाम के पास अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भीषण टक्कर में अयांश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मासूम को परिजन तुरंत सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे बकेवर के सरकारी अस्पताल रेफर किया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने छोटे अयांश को मृत घोषित कर दिया। बेटे की नन्ही देह देख पिता सुनील बेसुध हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
पिता सुनील चौहान ने बताया कि बेटे के अंतिम संस्कार की व्यथा और सदमे में वह एफआईआर दर्ज कराने नहीं जा सके। तीन दिन बाद, 26 दिसंबर को उन्होंने थाना चकरनगर में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281, 125(बी) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि फरार पिकअप चालक की तलाश तेज कर दी गई है। उधर, मासूम की मौत से शोक में डूबा परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।
