• Sun. Feb 22nd, 2026

तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, 300 मीटर तक घिसटता रहा शव; बस चालक फरार

इटावा में रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को सोमवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक बस के पहिए में फंसकर करीब 300 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।

मैनपुरी अंडरपास के पास सुबह लगभग 7 बजे हुई। इकदिल थाना कस्बे के लुधियात मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय सोनू पुत्र गंभीर राजपूत रविवार को अपनी पत्नी बबली के साथ लोहन्ना में मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। दंपती रात वहीं रुके और सोमवार सुबह सोनू बाइक से अकेले घर लौट रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आईटीआई चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से टक्कर मारी, जिससे सोनू बस के पहिए के नीचे आ गया। बस चालक ने हादसे के बाद भी वाहन नहीं रोका और युवक को घसीटते हुए भागता रहा। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस पहुंची और गंभीर रूप से घायल सोनू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही सोनू के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी बबली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई विशाल ने बताया कि दो भाइयों में सोनू छोटा था और उसकी शादी इसी वर्ष 21 मई 2025 को हुई थी। सोनू खेती करता था और घर पर जनरल स्टोर दुकान चलाता था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मैनपुरी अंडरपास क्षेत्र में अक्सर हादसे होते हैं और यह जगह ब्लैक स्पॉट बन चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और बस तथा चालक की तलाश में CCTV फुटेज की मदद ले रही है।

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!