इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में कानपुर हाईवे-19 पर शुक्रवार देरशाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से गुजर रही एक कार अचानक धधक उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में कार धू-धू करके जलकर खाक हो गई। चारों तरफ चीख-पुकार और धुएं का गुबार फैल गया, हाईवे पर यातायात कुछ देर के लिए पूरी तरह थम गया।

कार में सवार दो लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।कार नई दिल्ली से मध्य प्रदेश के रीवा जा रही थी।आँखों में नमी लिए कार मालिक एम.पी. शुक्ला ने कांपती आवाज़ में बताया कि कार में हम दो ही लोग थे,भगवान का शुक्र है कि हम बच गए, लेकिन मेरी पूरी कार पलभर में राख बन गयी।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव के चलते कार के अंदर विस्फोट-जैसी स्थिति बन गई और आग भड़क उठी।हाईवे पर खड़ी लपटों को देखकर राहगीरों के दिल दहल उठे। कई लोग आंखों के सामने सबकुछ जलता-बिखरता देख भावुक हो उठे।एम.पी. शुक्ला, कार मालिक
