• Sun. Feb 22nd, 2026

भावलपुर में सीओ ने किया जागरूकता कार्यक्रम: महिला सुरक्षा, साइबर अपराध व ट्रैफिक नियमों पर दी महत्वपूर्ण जानकारी।

रिपोर्ट -सुशील कान्त चौधरी

जसवंतनगर (इटावा)। जसवंतनगर के ग्राम भावलपुर में मंगलवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) आयुषी सिंह ने जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव और ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएँ, उपस्थित रहीं।

सीओ आयुषी सिंह ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इसका प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें हर तरह की हिंसा से सुरक्षित रखना है। उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानूनों में महिलाओं से जुड़े अपराधों पर अब और अधिक कठोर दंड एवं त्वरित न्याय की व्यवस्था की गई है।

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या सोशल मीडिया संदेश पर अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल या ओटीपी कभी साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी।

ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए सीओ ने हेलमेट व सीट बेल्ट को अनिवार्य बताया और कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए गति सीमा का पालन सबसे ज़रूरी है। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों द्वारा आत्मरक्षा के सरल व उपयोगी तरीकों का प्रदर्शन भी किया गया।

ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस विभाग से ऐसे जागरूकता अभियानों को आगे भी नियमित रूप से जारी रखने की मांग की।

By Admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!