• Wed. May 6th, 2026

हाईवे का संवेदनशील सराय भूपत कट बंद; लगातार हादसों पर प्रशासन ने उठाया सख्त कदम।

रिपोर्ट -सुशील कान्त चौधरी

जसवंतनगर/इटावा। डीएम के निर्देश पर हाईवे के अति संवेदनशील और दुर्घटना-प्रवण सराय भूपत क्रॉसिंग के पास स्थित कट को आखिरकार बंद कर दिया गया। आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए एनएचएआई और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कंक्रीट बैरियर लगाकर कट को स्थायी रूप से बंद कराया।

इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान ने बताया कि यह कट हाईवे पर सबसे अधिक हादसों वाला हिस्सा बन गया था। हाईवे अथॉरिटी के मानकों के आधार पर जिला प्रशासन ने इसे ‘प्राथमिकता’ में रखते हुए बंद करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब छोटे वाहन करीब 500 मीटर आगे सर्विस रोड से होकर अंडरपास के जरिए यू-टर्न ले सकेंगे, जबकि भारी वाहन आईटीआई चौराहा या डीएम चौराहा से घूमकर ही झांसी, ग्वालियर व सराय भूपत की तरफ जा सकेंगे।

चौहान ने यह भी जानकारी दी कि जहां चेतावनी व दिशा-निर्देशन बोर्ड नहीं लगे हैं, वहां शीघ्र संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे मार्ग को लेकर किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने।

कार्रवाई के दौरान मौजूद क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि यह स्थान अत्यंत संवेदनशील था और यहां लगातार दुर्घटनाएं दर्ज हो रही थीं। ऐसे में कट बंद करना अनिवार्य था। उन्होंने कहा—“सबसे पहले प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है, असुविधा बाद की बात है।”

वहीं सागर होटल के मैनेजर अनिल कुमार ने कट बंद होने पर असुविधा जताते हुए कहा कि इससे उनके यहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होगी। उन्होंने प्रशासन से स्थानीय लोगों और व्यवसायियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।

कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष कमल भाटी व पुलिस टीम मौजूद रही।

रिपोर्ट -सुशील कान्त चौधरी

By Admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!