• Sun. Jun 21st, 2026

मिशन शक्ति के साथ गूंजा कन्या जन्मोत्सव

रिपोर्ट -सुशील कान्त

जसवंतनगर (इटावा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में बुधवार को कन्या जन्मोत्सव बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बाल सुरक्षा, महिला सम्मान और नारी सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि चाइल्ड हेल्पलाइन की जिला समन्वयक कीर्ति गुप्ता ने नवजात कन्याओं की माताओं को फल की टोकरी व बेबी केयर किट प्रदान कर उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “नारी समाज की आधारशिला है। मिशन शक्ति 5 महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन की नई दिशा दे रहा है।”

श्रीमती गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी समाज के हर व्यक्ति तक पहुँचाएं। उन्होंने बताया कि यह सेवा 24 घंटे निःशुल्क उपलब्ध है, और किसी भी बालक के शोषण, उत्पीड़न, बाल विवाह या संकट की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराती है।

विशिष्ट अतिथि बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि “कन्या जन्मोत्सव मनाना सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि सोच में बदलाव का प्रतीक है। जब हर बेटी का जन्म उत्सव बनेगा, तभी सच्चे अर्थों में नारी शक्ति को उसका अधिकार मिलेगा।” उन्होंने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा पर भी जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच का संदेश देते हैं। “जब स्वास्थ्य केंद्रों से यह प्रेरणा जाती है कि बेटी का जन्म उत्सव है, तब भेदभाव की जड़ें कमजोर पड़ती हैं,” उन्होंने कहा।

अंत में डॉ. सिंह ने अतिथियों एवं सहयोगी टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि स्वास्थ्य विभाग आगे भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में प्रोबेशन कार्यालय से आलम, सीएचसी स्टाफ नर्सें और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!