इटावा, श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर जनपद में शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों का निरीक्षण किया।
एसएसपी श्री श्रीवास्तव ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। साथ ही उन्होंने चौपला डायवर्जन एवं कांवर यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस और यातायात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों — चौबिया, बसरेहर, फ्रेंड्स कॉलोनी, कोतवाली नगर तथा यातायात प्रभारी इटावा को निर्देशित किया कि वे स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर कांवरियों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की यातायात बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सतर्कता बनाए रखने के आदेश भी दिए गए।
एसएसपी ने यात्रा मार्ग पर आ-जा रहे कांवरियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और यथासंभव समाधान का आश्वासन भी दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान रखते हुए, कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया जाए।पुलिस बल को कांवरियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश।
मार्गों पर यातायात बाधा न हो, इसके लिए डायवर्जन पॉइंट्स पर निगरानी।मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण एवं महिलाओं/बुजुर्गों की सुविधा हेतु निर्देशित व्यवस्थाएं।
