इटावा। ग्राम पंचायत खेड़ा अजब सिंह विकास खण्ड बढ़पुरा में ग्राम प्रधान की अनुपस्थिति से रुके विकास कार्यों को फिर से गति देने के लिए जिला प्रशासन ने जनहित में कदम उठाया है।जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने स्पष्ट किया कि ग्राम प्रधान मुकेश सिंह भदौरिया दिनांक 08 नवंबर 2025 से जिला कारागार में निरूद्ध होने के कारण ग्राम पंचायत से अनुपस्थित हैं, जिससे गाँव के विकास कार्य बाधित हो रहे थे।गाँव की ज़रूरतों और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पंचायत राज अधिनियम की धारा 12 ञ 2 में प्रदत्त प्रावधानों के अंतर्गत ग्राम पंचायत खेड़ा अजब सिंह के प्रधान पद के दायित्वों के निर्वहन हेतु वार्ड संख्या 08 के सदस्य दीपक सिंह पुत्र अमर सिंह को नामित किया गया है।
अब दीपक सिंह अग्रिम आदेशों तक ग्राम प्रधान के सभी कर्तव्यों और शक्तियों का निर्वहन करेंगे, ताकि विकास की रुकी धारा फिर से बह सके और ग्रामीणों की उम्मीदें ज़िंदा रहें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्राम प्रधान की पुनः ग्राम पंचायत में उपस्थिति होते ही यह आदेश स्वतः निष्प्रभावी हो जाएगा। यह व्यवस्था पूर्णतः अस्थायी है।
जिला प्रशासन के इस निर्णय से ग्रामवासियों में यह भरोसा जगा है कि परिस्थितियाँ चाहे जैसी हों, गाँव का विकास और जनता का हित कभी ठहरने नहीं दिया जाएगा।
