जीन्यूज18/ब्यूरो/इटावा। राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन से हर घर नल जल जीवन मिशन योजना से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से यह सपना गांव में अधूरा ही रह गया है,महेवा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत खितौरा में करीब तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी पानी की टंकी का निर्माण पूरा नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत लगभग 218.35 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ओएमआईएल जे डब्ल्यू आई एल जेबी कार्यदायी संस्था को सौंपी गई। स्थल पर बाउंड्रीवाल, लोहे का गेट, सोलर प्लांट, नलकूप कोठरी बनी खङी और टंकी के अधूरे पिलर तो बना दिए गए हैं, लेकिन मुख्य पानी की टंकी का निर्माण अब तक अधर में लटका हुआ है।

निर्माण की निगरानी की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता कुलदीप प्रजा., जूनियर इंजीनियर उमेश कुमार चौहान और कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर आदर्श पांडेय पर थी। इसके बावजूद खितौरा गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर उसर क्षेत्र में 3 मार्च 2023 को शुरू कराया गया कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका।

ग्रामीण ध्यान सिंह का कहना है कि सरकार योजनाओं के माध्यम से अच्छा कार्य कर रही है, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पाइपलाइन डालने के नाम पर इंटरलॉकिंग, सीसी सड़कें और गलियां खोद दी गईं, जिन्हें अब तक ठीक नहीं किया गया। जगह-जगह खुदाई के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं और बरसात में सड़कों के धंसने का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव की आबादी करीब 10 हजार है, लेकिन अब तक योजना का लाभ नहीं मिला। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कर जलापूर्ति शुरू कराने तथा लापरवाह अधिकारियों और कार्यदायी संस्था पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में साइन बोर्ड पर अंकित अधिशासी अभियंता, जूनियर इंजीनियर और प्रोजेक्ट मैनेजर से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन न उठने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।

