इटावा फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मायके में रह रही एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले उसका पति से फोन पर विवाद हुआ था।
जानकारी के अनुसार, गोरापुरा निवासी प्रमोद कुमार यादव की 20 वर्षीय इकलौती पुत्री अनामिका उर्फ खुशबू की शादी 29 अप्रैल 2025 को चौबिया थाना क्षेत्र के कांकरपुरा निवासी संदीप कुमार यादव से हुई थी। संदीप भारतीय सेना में तैनात हैं और इन दिनों असम में ड्यूटी पर हैं।

पिता प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बेटी पर ₹10 लाख नकद और इटावा में एक प्लॉट लाने का दबाव बना रहे थे। दहेज की मांग को लेकर खुशबू को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। लगभग 25 दिन पहले मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था।
परिजनों का कहना है कि मायके आने के बाद भी पति फोन पर उसे धमकाता रहता था। बुधवार शाम करीब 5 बजे संदीप का फोन आने पर खुशबू कमरे में जाकर बात करने लगी। कुछ देर बाद जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों ने जाकर देखा — वह साड़ी के फंदे से लटक रही थी।
सूचना पर पहुंची फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू की। पिता ने पति संदीप यादव, ससुर, जेठ और जेठानी पर दहेज उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
इकलौती पुत्री की मौत से मां उमा देवी, भाई नवनीत और अर्पित का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
