• Sun. Feb 22nd, 2026

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा कोहराम, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप — शादी के नौ माह बाद बुझ गया जिंदगी का दिया

इटावा के लवेदी इलाके मे ईकरी गांव में एक नवविवाहिता की मुस्कुराती तस्वीर अब केवल यादों में रह गई। बुधवार को ग्राम इकरी में 25 वर्षीय निधि शर्मा पत्नी अंकित शर्मा का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला, तो पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। नवजीवन की दहलीज पर कदम रख चुकी निधि की लाश देखकर मां-बाप के कलेजे फट पड़े, और घर में मातम का सागर उमड़ आया।

मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। निधि के भाई शिवम शर्मा का कहना है कि हमने बहन की शादी 21 जनवरी 2025 को बड़े ही आदर और स्नेह से रेलवे कर्मचारी अंकित शर्मा से की थी। मगर ससुराल पहुंचते ही मांगों का दौर शुरू हो गया। कार और नकद की मांग पूरी न होने पर उसे आए दिन प्रताड़ित किया जाता था।

शिवम ने रोते हुए बताया कि दो दिन पहले भी उसे बुरी तरह पीटा गया था। अब उसकी हत्या कर झूठी कहानी गढ़ दी गई कि उसने खुद फांसी लगा ली। मगर जो दृश्य हमने देखा, उससे साफ है कि यह आत्महत्या नहीं, हत्या है।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने लवेदी पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

निधि की मौत ने फिर एक बार समाज से सवाल किया है — आखिर कब तक दहेज की भेंट चढ़ती रहेंगी बेटियाँ, कब तक टूटते रहेंगे घर, और कब तक रोती रहेंगी माएँ अपनी सुहाग की सेज सजाने वाली लाडलियों के लिए

By G-News18

G-NEWS18

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!