उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में कथावाचक के अपमान मामले में एक नया मोड़ सामने आया है. यजमानी महिला रेनू तिवारी की ओर से यादव वर्ग की महिलाओं पर भद्दी टिप्पणी करने के खिलाफ में मुकदमा दर्ज किया गया है. रेनू तिवारी पर यह मुकदमा इटावा जिले के बकेवर थाने में दर्ज किया गया है. इटावा के पुलिस मीडिया अकाउंट की ओर से आधिकारिक रूप में जानकारी साझा की गई है
रेनू तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के पीछे ऐसा कहा जा रहा है कि उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह यादव महिलाओं के खिलाफ भद्दी टिप्पणी कर रही है. जिसके बाद समाजवादी पार्टी की ओर से एक शिकायत इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव को सांसद जितेंद्र दोहरे की अगुवाई में की गई थी. समाजवादी पार्टी की शिकायत के बाद इटावा के बकेवर थाने में रेनू तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

रेनू तिवारी के वायरल वीडियो में जाति विशेष पर अभद्र टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने पर मुकदमा दर्ज हुआ है. रेनू तिवारी ग्राम दादरपुर पर थाना बकेवर में मुकद्दमा संख्या 180/25 धारा 196/299/352 बीएनएस 67 आईटी एक्ट पर मुकदमा पंजीकृत हुआ है. इटावा यादव कथावाचक और उनके सहयोगी के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार की घटना को लेकर यादव समाज और ब्राह्मण समाज आमने-सामने आ गए हैं. इस बीच रेनू तिवारी नाम की महिला भी चर्चाओं में बनी हुई हैं.
रेनू तिवारी भागवत कथा की परीक्षित परिवार की महिला हैं. इस पूरे मामले के बाद रेनू तिवारी ने ही कथा वाचक और उनके सहयोगी के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाया था. अब रेनू तिवारी के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह विवादित टिप्पणी करती हुई नजर आ रही हैं. बता दें कि अब सपाईयों ने रेनू तिवारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. रेनू तिवारी की टिप्पणियों को लेकर सपा के नेता और कार्यकर्ता काफी गुस्से में हैं और उन्होंने रेनू तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
रेनू तिवारी के खिलाफ कार्रवाई और इस मामले में इंसाफ को लेकर सपा के प्रतिनिधि मंडल ने इटावा एसएसपी से मुलाकात की. इस प्रतिनिधि मंडल में सपा के विधायक, सांसद और इटावा के सपा जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे. सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने कहा कि ये पूरा कांड रेनू तिवारी की वजह से हुआ है. रेनू तिवारी अब यादव समाज की बेटियों और पूरे यादव समाज को लेकर विवादित टिप्पणी कर रही हैं. उनकी वीडियो सोशल मीडिया पर है. हमारी एसएसपी से मांग है कि रेनू तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और रेनू तिवारी को गिरफ्तार किया जाए.
सपा नेता का कहना है कि पुलिस यादवों के खिलाफ ज्यादा कार्रवाई कर रही है. रेनू तिवारी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. सपा विधायक राघवेंद्र ने कहा कि कथावाचकों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है. रेनू तिवारी ने कथा वाचकों के साथ भी ये अमानवीय व्यवहार किया. अब रेनू तिवारी एक खास जाति को टारगेट कर रही हैं. उसका अपमान कर रही हैं.
दरअसल रेनू तिवारी की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वीडियो में वह यादव समाज के ऊपर विवादित टिप्पणी करती हुई नजर आ रही हैं. रेनू तिवारी ने सफाई दी है कि उनकी वीडियो को एडिट किया गया है और गलत तरीके से पेश किया गया है. अब इसी टिप्पणी को लेकर सपा के नेता और कार्यकर्ता रेनू तिवारी के ऊपर भड़के हुए है. इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दादरपुर कांड के बाद सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी की जा रही है, जो लोग आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर रहे है या कोई संवाद कर रहे हैं, उन सभी के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करने में जुटी हुई है. इसी कड़ी में रेनू तिवारी के खिलाफ भी आईटी एक्ट की धारा 67 ए,199,196,352 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
