इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र में इटावा औरैया सिक्सलेन हाईवे पर सराय जलाल ओवरब्रिज से बुधवार देरशाम को तेज रफ्तार कार ने पहले एक ऑटो में टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित कार दूसरे ऑटो और एक बाइक से भी जा भिड़ी। हादसे में दोनों ऑटो में सवार यात्रियों और बाइक सवार समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची इकदिल व बकेवर पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से पंडित रामाधीन शर्मा 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, बकेवर पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।



हादसे की सूचना मिलते ही बकेवर थाना प्रभारी विपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. रविंद्र कुमार साहू ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया तथा गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे मे घायलों के नामों की सूची
घायलों में रमेश चंद्र (50) पुत्र महावीर सिंह, सावित्री देवी (45) पत्नी रमेश चंद्र एवं धर्मेंद्र कुमार (23) पुत्र रमेश चंद्र निवासी ग्राम मनोना, थाना करहल, जनपद मैनपुरी शामिल हैं। परिवार के लोग बकेवर स्थित एक मैरिज होम में साले की बेटी शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसके अलावा विशाल (19) पुत्र संदीप सिंह चौहान निवासी कीरतपुर थाना इकदिल, प्रशांत सविता (23) पुत्र सर्वेश कुमार, अभिषेक (26) पुत्र सर्वेश कुमार एवं उमा परिहार (28) पुत्र शिशुपाल सिंह निवासी पूर्वा डोरी, मुरादगंज, अजीतमल (औरैया), ऑटो चालक शाहिद (34) पुत्र साबिर निवासी हाफिजनगर, बकेवर, पिंकी (40) पत्नी अजीत सिंह, पुत्री पलक (15) व पुत्र शौर्य (3) व अभियांश (1) निवासी आनंदनगर, इटावा, साधना (40) पत्नी अमर सिंह निवासी बिजौली, बकेवर तथा रमेश चंद्र (60) पुत्र रामसहाय निवासी रामनगर मेहंदीपुर, थाना बकेवर सहित अन्य यात्री घायल हुए हैं।







पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

